
राजस्थान में अवैध मदिरा के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का 'विशेष निरोधात्मक अभियान' पूरी सख्ती के साथ जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत बीकानेर में एक ट्रक से 65 लाख रुपए की अवैध शराब पकड़ी गई है, वहीं प्रदेशभर में हजारों लीटर वॉश नष्ट करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत लूनकरणसर आबकारी थाना टीम ने बीकानेर में भारतमाला रोड सेजड़ासर सरहद पर बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर एक ट्रक को रोका गया, जिसमें पशु आहार और लकड़ी के भूसे के कट्टों के नीचे छुपकर पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 732 कार्टन ले जाए जा रहे थे। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए है, और मौके से चालक जयराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी आबकारी टीमों ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, अनूपगढ़, झालावाड़, जोधपुर, सिरोही, बांसवाड़ा और बूंदी में अवैध शराब और महुआ वॉश के खिलाफ धरपकड़ की गई। पूरे प्रदेश में चलाए गए इस अभियान के तहत एक ही दिन में 87 अभियोग दर्ज कर 19 हजार 220 लीटर वॉश नष्ट किया गया है और 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
15 Sept 2026